वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा के 57वें जन्मदिन के उपलक्ष्य में अलवर के मुंगस्का स्थित श्री गुरू नानक ग्रीन लंग्स वाटिका में वन विभाग एवं समर्थकों ने 57 पौधे लगाकर उनकी दीर्घायु की कामना कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर वन राज्यमंत्री ने उनके जन्मदिन पर पौधारोपण करने पर आभार जताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के एक पेड मां के नाम अभियान एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के हरियालो राजस्थान अभियान से देश एवं प्रदेश में पौधारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति नई सामाजिक चेतना का उदय हुआ है। उन्होंने कहा कि अब आम नागरिक न केवल स्वयं पौधे लगा रहे हैं, बल्कि उनकी देखभाल और संरक्षण का कार्य भी कर रहे हैं। उन्होंने अलवर सांसद एवं केंद्रीय वन मंत्री भूपेन्द्र यादव की अरावली संरक्षण की ग्रीन वॉल पहल के साथ अलवर को दिलाई गई विभिन्न सौगातों को पर्यावरण संरक्षण के साथ अलवर के विकास के लिए मील का पत्थर बताया। उन्होंने आमजन से अपील की है कि अपने व अपने प्रियजनों के जन्मदिन के शुभ अवसर पर पौधारोपण कर धरती मां के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करें। इस दौरान वन राज्यमंत्री संजय शर्मा ने समर्थकों के साथ केक काटा।
सामाजिक संस्थाओं एवं समर्थकों द्वारा वन राज्यमंत्री संजय शर्मा के 57वें जन्मदिन के उपलक्ष्य में राजगढ, अलवर शहर, बहरोड, तिजारा, किशनगढबास में पौधारोपण किया गया।
इस अवसर पर वन विभाग के कार्मिक एवं बडी संख्या में आमजन मौजूद रहे।


