साइकिल फेडरेशन ऑफ इंडिया (CFI) की वार्षिक आम सभा हाल ही में नई दिल्ली में फेडरेशन के अध्यक्ष पंकज सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में देशभर के राज्य साइक्लिंग संघों और संबद्ध इकाइयों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया तथा भारतीय साइक्लिंग के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर व्यापक चर्चा की गई।
इस अवसर पर राजस्थान के उत्कृष्ट प्रदर्शन को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिला। फेडरेशन के महासचिव मनिंदर पाल सिंह ने गत एक वर्ष में राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में लगातार पदक जीतने, राज्य और जिला स्तर पर साइक्लिंग को बढ़ावा देने तथा खिलाड़ियों के बेहतर प्रदर्शन को देखते हुए राजस्थान साइक्लिंग की चेयरपर्सन सारिका चौधरी को ‘बेस्ट स्टेट परफॉर्मेंस अवार्ड’ से सम्मानित किया।
बैठक में भारतीय साइक्लिंग को और मजबूत बनाने, प्रत्येक राज्य में खेल के विस्तार, युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहन, खेल भावना को बढ़ावा देने तथा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की उपलब्धियों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया गया।
फेडरेशन के महासचिव मनिंदर पाल सिंह ने पिछले वर्ष की उपलब्धियों, राष्ट्रीय चैंपियनशिप के प्रदर्शन और भविष्य की योजनाओं पर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की। बैठक में मौजूद सदस्यों ने राजस्थान की उपलब्धियों की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए इसे अन्य राज्यों के लिए प्रेरणादायक बताया।


