राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर के राजा पार्क स्थित श्रीराम मंदिर में ‘संत रविदास समरसता संकल्प अभियान’ के तहत वाराणसी (काशी) से पहुंची समरसता कलश यात्रा का भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने श्रद्धापूर्वक पवित्र कलश को अपने सिर पर धारण कर संत शिरोमणि सद्गुरु गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित इस अभियान में सहभागिता निभाई।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, जिन्होंने स्वयं गंगाजल कलश लेकर मंदिर में प्रवेश किया, प्रदेश महामंत्री (संगठन) अजय कुमार, मंत्रियों, विधायकों तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही। पूरे परिसर में भक्ति, श्रद्धा और सामाजिक समरसता का वातावरण देखने को मिला।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि संत रविदास जी के विचार आज भी समाज को समानता, भाईचारे और मानवता का मार्ग दिखाते हैं। उन्होंने सभी से संत रविदास के आदर्शों को अपनाने और सामाजिक समरसता को मजबूत बनाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि यह यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को एक सूत्र में जोड़ने का जन-जागरण अभियान है। कार्यक्रम के दौरान संत रविदास के संदेशों पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आयोजित की गईं।


