भारतीय संगीत जगत के लिए एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। दिग्गज गायिका आशा भोसले का 92 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनका निधन कार्डियक अरेस्ट के कारण हुआ। उन्हें अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनका इलाज इमरजेंसी मेडिकल यूनिट में चल रहा था।
आशा भोसले के अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी उनकी पोती जनाई भोसले ने सोशल मीडिया के जरिए दी थी। उन्होंने बताया था कि आशा जी को अत्यधिक थकान और छाती के संक्रमण के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

आशा भोसले का नाम भारतीय संगीत इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज है। उन्होंने अपने आठ दशकों से भी लंबे करियर में करीब 12 हजार से अधिक गीत गाए। ‘पिया तू अब तो आजा’, ‘दम मारो दम’, ‘ये मेरा दिल’, ‘चुरा लिया है तुमने’ और ‘दिल चीज क्या है’ जैसे उनके गीत आज भी लोगों के दिलों में बसे हुए हैं।
उन्होंने ओ.पी. नैयर, आर.डी. बर्मन और ए.आर. रहमान जैसे दिग्गज संगीतकारों के साथ काम किया। उन्हें राष्ट्रीय पुरस्कार, फिल्मफेयर अवॉर्ड, दादासाहेब फाल्के सम्मान और पद्म विभूषण जैसे कई प्रतिष्ठित पुरस्कारों से नवाजा गया।

सिंगर आशा भोसले का आज शाम 4 बजे मुंबई के शिवाजी पार्क में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। सुबह उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए निवास पर रखा गया, जहां उन्हें तिरंगे में लपेटकर सलामी दी गई।
उनकी मधुर आवाज और बहुमुखी प्रतिभा ने उन्हें दुनिया के सबसे महान गायकों में शामिल किया। उनका जाना भारतीय संगीत जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है।


