ग्राम रथ अभियान की जयपुर जिले में तैयारियों की समीक्षा के लिए जिला कलेक्टर संदेश नायक ने कलेक्ट्रेट में सम्बंधित अधिकारियों की बैठक लेकर दिशा—निर्देश दिए।
संदेश नायक ने बताया कि राज्य सरकार किसानों को हर क्षेत्र में उन्नत एवं खुशहाल बनाने के लिए ‘ग्राम’ (ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट) 2026 का आयोजन 23 से 25 मई तक करने जा रही है। इस मीट के राज्य स्तरीय आयोजन में प्रदेश के हजारों किसान और पशुपालक हिस्सा लेंगे। यह कृषि निवेश, नवाचार, तकनीक, किसान समृद्धि और राजस्थान की संभावनाओं से जुड़ा अभिनव मंच है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के अनुसार यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सशक्त किसान, समृद्ध भारत’ विजन को धरातल पर उतारने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
संदेश नायक ने बताया कि जिले की 10 ग्रामीण विधानसभाओ क्षेत्रों बगरू, आमेर, बस्सी, चाकसू, दूदू, फुलेरा, चौमू, जमवारामगढ़, शाहपुरा, झोटवाड़ा के 22 ब्लॉक व 597 ग्राम पंचायत मे निरन्तर 15 दिवस तक ग्राम रथ अभियान चलाया जाएगा। इसके अतिरिक्त सांगानेर विधानसभा में भी ग्राम रथ अभियान के संचालन की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। ग्राम रथ द्वारा प्रत्येक विधानसभा की 4 ग्राम पंचायतो 5 से 6 स्थानों पर लगभग 1-1 घण्टे के विडियो, ऑडियों संदेश सहित सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओ व ग्राम का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। जिसमे उन्होंने बताया कि जिले की सभी 10 ग्रामीण विधानसभाओं के उपखण्ड अधिकारियों से ग्राम रथो को चलाने के लिए रूट चार्ट प्राप्त हो चुका है।
राजस्थान सरकार द्वारा कृषकों व पशुपालकों को सशक्त बनाने एवं ग्रामीण क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास के लिए चलाई जा रही प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी ग्रामीण अंचल तक पहुॅचाने के उद्देश्य से एलईडी मोबाइल वैन आधारित जन-जागरूकता ‘ग्राम रथ अभियान’ संचालित किया जाना है। यह अभियान 27 अप्रेल से 15 दिवस के लिए चलेगा। कार्यक्रम का प्रचार-प्रसार एवं रथों के व्यवस्थित सुसंचालन एवं मॉनिटरिंग हेतु जिला स्तर पर कार्यक्रम का नोडल अधिकारी जिला परिषद् के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं विधानसभा क्षेत्र का नोडल अधिकारी संबंधित उपखंड अधिकारी को बनाया गया है।
13 विभागों की योजनाओं की मिलेगी जानकारी-
‘ग्राम’ से जुड़े कृषि, उद्यानिकी, कृषि विपणन, पशुपालन, डेयरी, मत्स्य, सहकारिता, सिंचाई, उद्योग, ऊर्जा, राजस्व, पंचायतीराज, ग्रामीण विकास विभाग सहित 13 विभागों की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी ग्राम रथ अभियान के दौरान आमजन को उपलब्ध करवाई जाएगी।


