मेवाड़ राजघराने के वंशज और समाजसेवी डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ ने मंगलवार को नई दिल्ली स्थित संसद भवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शिष्टाचार भेंट की। यह मुलाकात पारिवारिक वातावरण में हुई और करीब आधे घंटे तक चली। इस दौरान ऐतिहासिक विरासत, राष्ट्रभक्ति और समकालीन भारत के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर सार्थक चर्चा हुई।
डॉ. लक्ष्यराज सिंह ने प्रधानमंत्री को मेवाड़ की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर और ऐतिहासिक परंपराओं से अवगत कराया। उन्होंने औपचारिक रूप से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मेवाड़ और उदयपुर आने का निमंत्रण भी दिया। प्रधानमंत्री ने इस आमंत्रण को स्वीकार करते हुए भविष्य में उदयपुर आने का आश्वासन दिया।
बैठक के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने मेवाड़ के गौरवशाली इतिहास का विशेष उल्लेख किया। उन्होंने बप्पा रावल, महाराणा सांगा और महाराणा प्रताप जैसे वीर शासकों की राष्ट्रभक्ति, त्याग और पराक्रम को देश की अमूल्य धरोहर बताया। प्रधानमंत्री ने कहा कि मेवाड़ की परंपराएं और आदर्श आज भी देशवासियों को प्रेरित करते हैं और नई पीढ़ी के लिए मार्गदर्शक हैं।
डॉ. लक्ष्यराज सिंह ने प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत की वैश्विक मंच पर मजबूत होती पहचान और विकास की सराहना की। उन्होंने कहा कि देश आज विश्व स्तर पर आत्मविश्वास और प्रगति की नई मिसाल कायम कर रहा है।


