राजस्थान में बर्फीली हवाओं के बीच बारिश और ओलावृष्टि ने सर्दी का असर और तेज कर दिया है। शुक्रवार सुबह उदयपुर, चित्तौड़गढ़, बांसवाड़ा और कोटपूतली-बहरोड़ में घना कोहरा छाया रहा, जिससे विज़िबिलिटी काफी कम हो गई। उदयपुर के गोगुंदा में तापमान जमाव बिंदु तक पहुंच गया, वहीं खेतों में बर्फ की चादर बिछी नजर आई।
रेगिस्तानी जिले जैसलमेर में गाड़ियों पर बर्फ की परत जमी दिखी। अलवर में सुबह करीब 6 बजे मावठ की बारिश हुई, जबकि खैरथल-तिजारा में बारिश के साथ ओले गिरे। लगातार बढ़ती ठंड को देखते हुए प्रदेश के 25 जिलों में स्कूलों में छुट्टियां घोषित की गई हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने शुक्रवार को 18 जिलों में कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है, जबकि 4 जिलों में शीतलहर का येलो अलर्ट भी घोषित किया गया है। विभाग के अनुसार 10 और 11 जनवरी को भी सर्दी का असर बना रहेगा।
गुरुवार को राज्य के कई शहरों में न्यूनतम तापमान में तेज गिरावट दर्ज की गई। सीकर प्रदेश का सबसे ठंडा शहर रहा, जहां न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं जैसलमेर में तापमान पहली बार 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंचा, जिससे रेगिस्तानी इलाकों में भी कड़ाके की ठंड महसूस की गई।
पिछले 24 घंटों के दौरान बीकानेर संभाग के अलावा भरतपुर और कोटा संभाग में भी घना कोहरा रहा। दोपहर बाद कुछ इलाकों में कोहरा छंटा और हल्की धूप निकली। अधिकतम तापमान की बात करें तो करौली में सबसे कम 11.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। श्रीगंगानगर में 12.3, झुंझुनूं में 15.9, चूरू में 15.3, वनस्थली (टोंक) में 16.6, दौसा में 16.2, बीकानेर में 17.5, जैसलमेर में 17.8, अलवर में 17 और जयपुर-सीकर में 19-19 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। सबसे अधिक अधिकतम तापमान जालोर में 23.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।


